मंडला। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मंडला में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी दादा-दादी, नाना-नानी दिवस मनाया गया, जिसमें प्राथमिक विभाग में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के दादा दादी और नाना नानी को आमंत्रित करके सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सबसे पहले सरस्वती पूजन के पश्चात मुख्य अतिथि रिटा. सहा. कोषालय अधिकारी मनोज कुमार चौरसिया को प्राचार्य रूप सिंह उलाडी ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पुष्पा देवी भी मौजूद रहीं।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य रूप सिंह उलाडी ने अपने उद्बोधन में सभी अतिथियों का अभिनन्दन किया और इस बात पर प्रकाश डाला कि विद्यालय द्वारा दादा-दादी, नाना-नानी दिवस क्यों मनाया जाता है और इसका क्या महत्व है।
वही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अन्तर्गत कक्षा पहली से लेकर पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने बहुत ही मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।
इसके बाद दादा-दादी एवं नाना नानी के लिए पासिंग द बॉल खेल का आयोजन किया गया और जीतने वाले दादा-दादी को विद्यालय की ओर से पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
अंत में मुख्य अतिथि मनोज कुमार चौरसिया ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों में सामाजिक और पारिवारिक समरसता के अच्छे संस्कारों का बीज बोया जा रहा है। उन्होंने प्राचार्य रूप सिंह उलाडी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी दादा-दादी और नाना नानी को सम्मान दिया जाता है।
वही, कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक विभाग के बच्चों के द्वारा ही किया गया। इस कार्यक्रम को सफ़ल बनाने में सभी प्राथमिक शिक्षको का विशेष योगदान रहा।

