ग्वालियर। जिले के डबरा में बदमाश पूरा का पूरा एटीएम ही उखाड ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी के जरिए पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोर एटीएम लेकर कहां भागे।
जानकारी के मुताबिक डबरा नगर के पिछोर तिराहे पर स्थित एसबीआई के एटीएम को उखाड़ कर बदमाश फरार हो गए है।
एसबीआई के शाखा प्रबंधक ने पुलिस को सूचित किया है कि चोरी की गई एटीएम मशीन में 6 लाख रुपये थे। अज्ञात चोर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात को एटीएम मशीन को उखाड़कर फरार हो गए।
यह वारदात पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।
डबरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने कहा कि पुलिस चोरों की गिरफ्तारी और एटीएम की बरामदगी के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है।
वहीं, ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, जिससे नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब निगरानी तंत्र को मजबूत करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की दिशा में काम कर रही है।

