भोपाल। लोकायुक्त पुलिस ने आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वह सरेंडर एप्लीकेशन पर सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचा था। लोकायुक्त ने सुनवाई से पहले ही गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए अपने कार्यालय ले गए।
इससे पूर्व सौरभ शर्मा सोमवार को भी भोपाल की स्पेशल कोर्ट में गुपचुप तरीके से पेश हुआ था। वकील के माध्यम से कोर्ट के सामने पेश होने का आवेदन दिया था। कोर्ट ने जांच एजेंसियों से उसके आपराधिक मामले की केस डायरी के साथ मंगलवार को पेश होने के लिए कहा था। मंगलवार को सुनवाई से पहले ही यह ड्रामा हो गया।
अब सौरभ शर्मा के वकील राकेश पाराशर ने लोकायुक्त की कार्रवाई को गलत बताया है।
बता दे कि सौरभ शर्मा अपने ठिकानों पर ईडी, आयकर और लोकायुक्त की छापेमारी के 40 दिन बाद सोमवार को पहली बार सामने आया। वह दोपहर करीब 12 बजे अपने वकील राकेश पाराशर के साथ भोपाल जिला न्यायालय में विशेष न्यायाधीश राम प्रसाद मिश्र के न्यायालय में पहुंचा। आत्मसमर्पण का प्रार्थनापत्र लगाने के बाद वह गायब हो गया था। उसके प्रार्थनापत्र पर सुनवाई के लिए न्यायालय ने मंगलवार को सुबह लोकायुक्त समेत जांच एजेंसियों से केस डायरी तलब की है। इसके साथ ही सौरभ के वकील को भी सुनवाई के लिए पेश होने के निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह जैसे ही सौरभ स्पेशल कोर्ट में पेश होने के लिए कोर्ट परिसर पहुंचा ही था, तभी घात लगाई लोकायुक्त पुलिस सौरभ को गिरफ्तार कर लोकायुक्त कार्यालय ले गई।

