आईपीएल-रणजी टीम में सिलेक्शन के नाम पर क्रिकेटर से 12.50 लाख रुपये की ठगी, कई अन्य युवा भी हो चुके इसी तरह ठगी का शिकार

DR. SUMIT SENDRAM

इंदौर। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से नजदीकी बताकर एक क्रिकेट खिलाड़ी ने अंडर-19 क्रिकेटर से आईपीएल और रणजी टीम में सिलेक्शन के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए पीड़ित से 12 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए।
लसूड़िया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी द्वारा कई अन्य युवाओं से ठगी का मामला सामने आया है।
लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि मानसरोवर नगर (इंदौर) निवासी एक क्रिकेटर की शिकायत पर आरोपी अभिषेक गैंगवार निवासी मानसरोवर कॉलोनी मुरादाबाद (उप्र) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल महालक्ष्मी अपार्टमेंट, सचिवालय कॉलोनी, केदारपुर, देहरादून (उत्तराखंड) में रहता है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी अभिषेक से क्रिकेट मैच के दौरान नागपुर (महाराष्ट्र) में परिचय हुआ था। उसने प्रैक्टिस देखकर कहा कि तुम्हारा प्रदर्शन अच्छा है। वह आईपीएल और रणजी टीम में सिलेक्शन करवा सकता है। अभिषेक ने सिलेक्शन में खर्च करने का झांसा देकर किस्तों में 12 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। सिलेक्शन न होने और रुपये न लौटाने पर जानकारी निकाली तो पता चला अभिषेक सौराष्ट्र, उप्र, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई युवाओं से ठगी कर चुका है।
पीड़ित क्रिकेट खिलाड़ी ने पुलिस को बताया कि वह अंडर-19 खेलता था। आरोपी भी क्रिकेट खिलाड़ी है। एक ही टीम में खेलने के दौरान दोस्ती हो गई थी। उसने कोविड के दिनों में कई दिनों तक झांसेबाजी की। वह उसके सामने ही राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बात करता था। इससे उसकी बातों पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपी ने पीड़ित से ऑनलाइन रुपये अपनी पत्नी आकांक्षा के खाते में जमा करवाए हैं।

 

Next Post

बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 15 बाइक सहित दो आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले के सतवास थाना क्षेत्र के नगर व ग्रामीण क्षेत्रो में सक्रिय चोर गिरोह देवास सहित आसपास के जिलों से बाइक चुराता था और फिर उनको पहाड़, नदी-नालों के किनारे व जंगल में छुपा देता था। पुलिस ने बाइक चोरी की वारदातों की जांच के दौरान दो संदिग्ध लोगों […]