भाजपा नेता की पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर दिनदहाड़े हत्या, हमलावर ने घर में घुसकर मारा

विदिशा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में एक सनसनीखेज घटना प्रकाश में आई है, जहां अज्ञात हमलावर ने भाजपा नेता और पूर्व सरपंच रामविलास ठाकुर की पत्नी रानी ठाकुर की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह वारदात सोमवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है।
रामविलास ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वे सुबह खेत पर गए थे। दोपहर में घर लौटे, तो देखा कि उनकी पत्नी किचन में खून से लथपथ पड़ी हुई थीं। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे मौके पर पहुंचे।
अति. पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के अनुसार घटना के समय घर में रामविलास की 22 वर्षीय बेटी भी मौजूद थी, जो वारदात से करीब 10 मिनट पहले बाथरूम में नहाने गई थी। इसी दौरान हमलावर ने हमला कर रानी ठाकुर की हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
मृतका रानी ठाकुर, रामविलास ठाकुर की दूसरी पत्नी थीं। करीब सात साल पहले उनकी पहली पत्नी की मौत के बाद उनका विवाह रानी से हुआ था। रामविलास के पहले विवाह से तीन बच्चे भी हैं।
दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे का कहना है कि जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

 

Next Post

वॉइस ऑफ सीनियर्स में इंदौर के विजय मराठे ने हासिल किया प्रथम स्थान, देश के विभिन्न राज्यों से अपनी प्रतिभा को दिखाने आये वरिष्ठजन

इंदौर। वरिष्ठ नागरिकों की छुपी हुई प्रतिभा को निखारने और उन्हें एक सशक्त मंच देने के उद्देश्य से आयोजित ‘वॉइस ऑफ सीनियर्स’ के सातवें संस्करण का भव्य समापन किया गया। वर्ष 2018 में 80 प्रतिभागियों के साथ प्रारम्भ हुए इस प्रतियोगिता ने सातवें संस्करण तक आते-आते 282 पंजीकरण का आँकड़ा […]