हैकिंग और वायरस के हमलों को रोकने के लिए प्रदेश में तैनात होंगे 6 साइबर कमांडो

भोपाल। देश में आतंकी घटनाओं से लेकर वीवीआईपी की सुरक्षा में जिस तरह कमांडो तैनात रहते हैं, उसी तर्ज पर साइबर हमले से निपटने, साइबर जालसाजों के नेटवर्क का राजफाश करने के लिए प्रदेश में कमांडो तैनात होंगे। अप्रैल से छह कमांडो काम करने लगेंगे।
मध्य प्रदेश के लिए साइबर कमांडो के पहले बैच का छह माह का प्रशिक्षण 31 मार्च को पूरा हो रहा है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशभर में अलग-अलग बैच में मिलाकर पांच हजार कमांडो तैनात करने का निर्णय लिया है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि दूसरे बैच में प्रदेश के 39 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। परीक्षा के बाद इनका चयन भी हो चुका है। जल्द ही यह तय हो जाएगा कितने पुलिसकर्मियों को कहां प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण लिए जाने वालों में आरक्षक से लेकर उप पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।
बता दे कि ये कमांडो साइबर नेटवर्क या सिस्टम में हैकिंग और वायरस के हमलों से निपटने के लिए काम करेंगे। हमले की स्थिति में त्वरित निराकरण के लिए काम करेंगे। खतरों से आगाह भी करेंगे। साइबर कमांडो की जिम्मेदारी नेटवर्क की निगरानी करने की रहेगी।
वही, महत्वपूर्ण संस्थानों का डेटा लीक नहीं होने पाए, इसके लिए भी सुझाव देंगे। बड़े साइबर अपराधों की जांच और डाटा के विश्लेषण में सहयोग करेंगे। साथ ही साइबर सुरक्षा की नीतियां बनाने में सहयोग करेंगे।
एडीजी (साइबर) ए साईं मनोहर ने बताया कि हमारे छह पुलिसकर्मी साइबर कमांडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जो शीघ्र आ जाएंगे। इसके अतिरिक्त दूसरे बैच के लिए भी चयन कर लिया गया है।

 

Next Post

सिहावल पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ किया जप्त, तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

सीधी। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा के कुशल निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी अमिलिया (निरी) राजेश पाण्डेय के दिशा निर्देशन मे चौकी प्रभारी सिहावल उप निरीक्षक विशाल शर्मा व टीम नें, मादक पदार्थ गांजा परिवहन करते 3 आरोपियों […]