मंडला। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस बृजेश गोयल के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में समिति के अध्यक्ष/सदस्य अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सर्जना यादव, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आसिफ इकबाल, नायब तहसीलदार (मवई) संदीप नागोसे एवं मोतीनाला थाना प्रभारी प्रदीप पाण्डेय की मौजूदगी में जिले के मोतीनाला थाने में जब्त राजसात किये गए तीन वाहनों की नीलामी की गई।
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आसिफ इकबाल ने बताया कि आज दिनांक 16.07.2024 को मोतीनाला थाना परिसर में थाना मोतीनाला के अपराध क्रमांक 45/18, 52/18 एवं 34/20 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में क्रमशः जब्तशुदा सेंट्रो कार (एचआर 51 वाई 1060), मारुति स्विफ्ट कार (डीके 03- सीएजेड 6722 एवं वैगनआर कार (डीएल 07 सीके 7381) की नीलामी की गई।
नीलामी के दौरान खरीददार शकील अहमद पिता मोहम्मद मियां, मो. आरिफ पिता जहीर अहमद, महबूब पिता मो. सादिक निवासी जबलपुर, मुकेश पिता चंद्रभान सामतानी, सागर पिता चंद्रभान सामतानी निवासी मंडला उपस्थित रहे।
सेंट्रो कार की शासकीय कीमत 18000 रुपए, मारुति स्विफ्ट कार की शासकीय कीमत 22000 रुपए एवं वैगनआर कार की कीमत 42000 थी।
वाहनों की बोली शकील अहमद द्वारा क्रमशः 18600 रुपये, 22700 रुपये एवं 42300 रुपये लगाकर तीनो वाहनो को क्रय किया गया।
नीलामी वाहन से प्राप्त कुल राशि 83600 रुपये शासन के खाते में ऑनलाइन जमा की गई।


