भोपाल। राजधानी के हमीदिया अस्पताल के वार्डबॉय और टेक्नीशियन की हड़ताल खत्म हो गई है। इसके साथ ही सभी कर्मचारी काम पर लौट आए हैं।
बता दे कि चार महीने से वेतन नहीं मिलने के चलते लगभग 500 कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इसके चलते सुबह से ही यहां आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अब दो महीने का वेतन और दिपावली से पहले बोनस मिलने के आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर वापस लौट आए हैं।
सूत्रों के मुताबिक एजाइल कंपनी को पिछले 6 महीने से जीएमसी द्वारा कोई पेमेंट नहीं किया गया है। इसके चलते कंपनी ने कर्मचारियों की सैलरी रोकी थी। एजाइल को जीएमसी के द्वारा करीब 12 करोड़ से अधिक की रकम अभी दी जानी थी। बताया जा रहा है कि फिलहाल शासन स्तर पर अभी 3 करोड़ रुपए की राशि कंपनी को दी जा रही है। जिसके बाद हडताली कर्मचारियों को बुधवार को 2 महीने की सैलरी और दिवाली से पहले बोनस दे दिया जाएगा।
इससे पहले जब हमीदिया के कुछ हडताली वार्ड बॉय से मीडिया ने बात की तो उन्होंने बताया था कि हमारी चार महीने से सैलरी नहीं आई है, हमारा घर चलाने के लिए के लिए भी पैसे नहीं हैं।
हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन ने बताया कि शासन स्तर पर बात हुई है, सभी की समस्या का समाधान किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार इन सभी कर्मचारियों को एजाइल सिक्योरिटी सर्विस कंपनी द्वारा वेतन दिया जाता है। यह सभी हमीदिया में एजाइल कंपनी के आउट सोर्स कर्मचारी हैं। इससे पहले इन कर्मचारियों ने तीन से चार बार कंपनी को पत्र लिखकर शिकायत की थी। पत्र के जवाब में कंपनी द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया गया। इसके चलते कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। अब अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले में कंपनी के अलावा शासन स्तर पर भी बातचीत की है, ताकि जल्द से जल्द ये मामला खत्म हो।

