बीएसएफ की वर्दी में हेडक्वार्टर के पास घूमते संदिग्ध युवक को पुलिस ने पकड़ा, जांच में जुटी पुलिस

DR. SUMIT SENDRAM

ग्वालियर। बिलौआ थाना क्षेत्र के बीएसएफ टेकनपुर हेडक्वार्टर के पास पुलिस ने रविवार देर रात एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।
युवक मकोड़ा गांव के पास बीएसएफ की हवलदार रैंक की वर्दी पहनकर घूम रहा था। पुलिस ने उसे रोककर पहचान पत्र मांगा तो वह घबरा गया और कोई वैध आईडी नहीं दिखा सका। उसके पास एक बैग मिला। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले राहुल पिता मलखान सिंह जाटव के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने बताया कि उसका बड़ा भाई बीएसएफ में है, लेकिन जब पुलिस ने भाई का नाम पूछा तो वह नहीं बता सका। बाद में जांच में सामने आया कि उसका कोई भाई बीएसएफ में नहीं है। राहुल बीएसएफ की भर्ती में फेल हो गया था, लेकिन घरवालों से कहा कि उसका चयन हो गया है। घरवालों को दिखाने के लिए वह वर्दी पहनता था।
पुलिस के मुताबिक रविवार रात मकोड़ा क्षेत्र में सूचना मिली कि बीएसएफ की वर्दी में एक युवक संदिग्ध रूप से घूम रहा है। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को रोका और पूछताछ की। वह पहले खुद को बीएसएफ जवान बताता रहा था, लेकिन जैसे-जैसे सवाल बढ़े, वह घबराने लगा। जब आईडी कार्ड मांगा गया तो उसने कहा कि वह घर पर रह गया है। बाद में वॉट्सएप पर दिखाने के लिए कहा गया तो वह सकपका गया।
पुलिस राहुल जाटव को थाने ले गई। सख्ती से पूछताछ हुई तो कबूल किया कि उसने बीएसएफ में भर्ती की परीक्षा दी थी, लेकिन सिलेक्शन नहीं हुआ। इसके बावजूद उसने अपने घर में यह झूठ बोल दिया कि उसका चयन हो गया है। वह मकोड़ा में ही रहकर बीएसएफ की वर्दी पहनता था, ताकि परिजन को लगे कि वह ड्यूटी पर है। वह वर्दी में घर भी जाता था और लौटता भी उसी तरह था।
पुलिस को आरोपी राहुल के बैग से दो जोड़ी सिविल ड्रेस, एक बीएसएफ की वर्दी मिली है। वर्दी को जब्त कर लिया गया है। हालांकि उसके पास से कोई हथियार या जासूसी उपकरण नहीं मिला है। वैसे पुलिस को लगता है कि मामला इतना साधारण नहीं है। युवक बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास वर्दी में घूम रहा था, जो सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। जांच की जा रही है कि कहीं वह किसी और मकसद से तो नहीं आया था। पुलिस इस बात का पता भी लगा रही है कि युवक को यह वर्दी और बैग कहां से मिले, क्योंकि बीएसएफ और टेकनपुर जैसे हाई सिक्योरिटी जोन में बिना अधिकृत आईडी वर्दी मिलना संभव नहीं है।
बिलौआ थाना प्रभारी इला टंडन ने बताया कि ग्वालियर एसएसपी के निर्देश पर बीएसएफ टेकनपुर हेडक्वार्टर के आसपास विशेष गश्त की जा रही है। भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत पाक तनाव को देखते हुए बीएसएफ परिसर के आसपास हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

 

Next Post

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की सिंहस्थ के कार्यों की समीक्षा

उज्जैन। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विक्रमादित्य संकुल भवन में उज्जैन-इंदौर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2028 में सिंहस्थ कुंभ का आयोजन होना है। इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न […]