डिंडोरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार गुमशुदा नाबालिक बालक-बालिकाओं की बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत डिण्डौरी कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सतीश द्विवेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा तीन गुमशुदा नाबालिक बालिकाओं को दक्षिण भारत के केरल राज्य से सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया।
जानकारी के मुताबिक थाना कोतवाली डिण्डौरी में दर्ज अपराध क्रमांक 219/25, 503/25 एवं 464/25 अंतर्गत धारा 137(2) बीएनएस के मामलों में बालिकाओं के गुम होने की रिपोर्ट पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी (निरी) दुर्गा प्रसाद नगपुरे द्वारा एक पुलिस टीम गठित की गई।
प्राप्त सूचना के आधार पर टीम को केरल राज्य के इडुक्की जिले के राजाकक्कड़ एवं उडुंबनचोला थाना क्षेत्र में रवाना किया गया।
पुलिस टीम के अथक प्रयासों एवं सतत खोजबीन के बाद तीनों नाबालिक बालिकाओं को बरामद कर गुरुवार को सकुशल डिण्डौरी लाया गया और उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
अपनी संतानों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने डिण्डौरी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
कोतवाली थाना प्रभारी (निरी) दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उपनिरीक्षक बीएल बरकड़े, सहा. उपनिरीक्षक मनमोहन सिंह, आरक्षक अजय मरकाम, महिला आरक्षक चंद्रकांता तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान सहित आरक्षक जगदीश की सराहनीय भूमिका रही।


