दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र में महर्षि स्कूल के पीछे एक खेत में बुधवार सुबह व्यक्ति (52) का शव मिला है। उसकी कुल्हाड़ी मारकर हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान मुकेश पिता राम प्रसाद यादव (52) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह उनके बेटे मोहित यादव ने खेत में नीम के पेड़ के नीचे अपने पिता का शव खून से लथपथ पाया। शव के पास एक कुल्हाड़ी, हिसाब-किताब का रजिस्टर और कुछ दस्तावेज भी पड़े मिले।
मृतक के परिजन पवन यादव ने बताया कि मुकेश यादव दमोह के टंडन परिवार की कृषि भूमि को कुछ साथियों के साथ साझेदारी में ठेके पर लेकर मक्का की खेती कर रहे थे। मंगलवार शाम मक्का की कटाई के बाद उसे बेचने के लिए भेजा गया था।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात मुकेश अपने 5-6 पार्टनर के साथ खेत में हिसाब-किताब कर रहे थे, तभी विवाद हुआ और उनकी हत्या कर दी गई।
वारदात की सूचना मिलने पर अति. पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अभी हत्या के आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


