सतना। कोतवाली थाना अंतर्गत मेघदूत होटल के सामने एक किराना व्यवसाई पर कार चढ़ाकर हत्या करने का प्रयास किया गया।
घटना मंगलवार शाम की बताई गई है।
बताया गया कि पुरानी रंजिश के कारण युवक के ऊपर आरोपी ने कार चढ़ाई और मौके से फरार हो गया, जिसका वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विक्की और बूचा के बीच पुराना मनमुटाव रहा है। उसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। बुधवार दोपहर सोशल मीडिया पर सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद मामला सामने आया।
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी के मुताबिक आदर्श नगर हवाई पट्टी के पास रहने वाला 35 वर्षीय विक्की सिंह रोज की तरह दुकान बंद कर रात में खाना खाने मेघदूत होटल पहुंचा। वहां उनकी किसी बात को लेकर अतीक उर्फ बूचा से बहस हो गई। विवाद के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद कार लेकर लौटा। जैसे ही विक्की होटल से बाहर निकला, आरोपी ने पीछे से तेज रफ्तार में कार चढ़ाने की कोशिश की। टक्कर लगने से विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां उसका इलाज जारी है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी अतीक उर्फ बूचा की तलाश तेज कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार विक्की की हालत फिलहाल स्थिर है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


