इंदौर। इंदौर-दाहोद रेल लाइन का कार्य अब अंतिम चरण में तेजी से बढ़ रहा है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विनीत गुप्ता एवं मुख्य इंजीनियर धीरज कुमार ने पीथमपुर रेलवे स्टेशन सहित टीही से धार तक चल रहे निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विनीत गुप्ता ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी बचे हुए काम मार्च महीने के अंत में पूरे कर लिए जाएं, ताकि इस रेलखंड पर ट्रायल रन की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
मुख्य यांत्रिकी धीरज कुमार ने जानकारी दी कि 2.9 किलोमीटर लंबी टीही टनल में लगभग 2 किलोमीटर तक ट्रैक बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में भी तेजी से काम जारी है।
उन्होंने बताया कि ट्रैक बिछाने के साथ इलेक्ट्रिफ्क्रेिशन एवं सिग्नलिंग का कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है, जिससे समय की बचत हो सके।


