प्रयागराज। शहर के गोविंदपुर के रहने वाले महेश मिश्रा अपनी पत्नी की मौत के बाद न्याय दिलाने के लिए जगह-जगह मदद की गुहार लगा रहे है।
मामला संगम नगरी प्रयागराज के गोविंदपुर के रहने वाले महेश मिश्रा का है, जहां उनकी पत्नी विभा मिश्रा को लूज मोशन हो रहा था। जिन्हें वें इलाज के लिए एक प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के बाद उनकी पत्नी की मौत हो गई।
महेश मिश्रा ने कानूनी मदद न मिलने पर मीडिया क्लब के हर्ष नारायण सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए निजी अस्पताल के डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी विभा को लूज मोशन हो रहा था, वह इलाज कराने निजी अस्पताल पहुँचे थे।
अस्पताल में उनकी पत्नी का गलत उपचार हुआ।
चिकित्सको द्वारा उनकी पत्नी के फेफड़ों में संक्रमण बताया गया और गलत दवा देने से उनकी पत्नी के सारे शरीर के अंगों ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
महेश मिश्रा जब अपनी पत्नी को दूसरी अस्पताल ले गए तो इलाज के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी की रिपोर्ट में भी पहले अस्पताल के इलाज में गड़बड़ी पाई गई है, जिसके बाद उन्होंने जॉर्ज टाउन थाने में मामला भी दर्ज कराया है। लेकिन अस्पताल पर कोई कार्रवाई न होने को लेकर उन्होंने प्रेस वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है और उन्होंने अस्पताल को बंद करने की मांग की है, जिससे किसी और के परिवार के साथ इस तरह की घटना न घट सके।


