भोपाल। रविवार को राजधानी में कंपकपाती ठंड में लोग अलसुबह टीटी नगर स्टेडियम में एकत्रित होने लगे और वहां से शहर के अलग-अलग रास्तों पर दौड़ के लिए रवाना हो गए।
मैराथन के लिए ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया था।
चार श्रेणियों में हुई पंख एमपी मैराथन छह किमी से लेकर 42 किलोमीटर तक की थी।
सुबह छह बजे आरंभ हुई मैराथन में फिल्म अभिनेता और फिटनेस आइकान मिलिंद सोमन ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने महापौर मालती राय के साथ मिलकर इस रन को हरी झंडी दिखाई और दौड़ में भी हिस्सा लिया।
दौड़ में शामिल हुए फिटनेस लवर्स ने उनके साथ फोटो भी क्लिक कराई।
भारत में यूएस के कौंसुलेट जनरल माइक हेंकी और उनकी पत्नी मेलिसा हेंकी भी मैराथन में भाग लेने पहुंचे।
मैराथन में करीब पांच हजार प्रतिभागी शामिल हुए।
सुबह छह बजे शुरू हुई मैराथन में 10 साल के बच्चों से लेकर 70 साल तक के बुजुर्गों ने भाग लिया। मैराथन के बीच फन एक्टिविटी भी देखने को मिली। वहीं कुछ लोग फेस पर अलग मेकअप करके लोगों को आकर्षित करते नजर आए। जिम ट्रेनर विश्वजीत दास फेस पर विशेष मेकअप कर पहुंचे।


