यूपी के मंत्री के साथ ग्वालियर में हुई बदसलूकी, सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट, सुरक्षाकर्मी का पिस्टल लूट कर फरार हुए बदमाश, पुलिस ने बदमाशों को किया गिरफ्तार

ग्वालियर। शहर में उत्तरप्रदेश के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू से बदमाशों के द्वारा बदसलूकी की गई।
बदमाशों ने मंत्री के सुरक्षाकर्मी (पीएसओ) सर्वेश सिंह से मारपीट कर अंगूठा काट दिया और उनकी सरकारी पिस्टल लूटकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
घटना शुक्रवार देर रात ग्वालियर की जौरासी घाटी में हुई।
सूचना मिलने पर आईजी अरविंद सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी एवं एसपी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और मंत्री मनोहर लाल के काफिले को जाम से निकलवाया। इसके बाद मंत्री ने बिलौआ थाने में मामला दर्ज कराया। हमलावर स्थानीय हैं और खदान कारोबार से जुड़े हैं।
बताया गया कि मंत्री की कार जाम में फंसी थी और पायलट और फॉलो वाहन दूर थे। इसी बीच बाइक सवार मंत्री के कार के सामने आया और मंत्री के पीएसओ से बहस करने लगा, जिस पर पीएसओ ने युवक को चांटा मार दिया। इसके बाद युवक ने अपने साथियों को बुलाकर पीएसओ से मारपीट करते हुए अंगूठा भी काटा।
मारपीट से पीएसओ के जबड़े और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। जब मंत्री ने समझाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनके साथ भी बदसलूकी की। पीएसओ ने डराने के लिए पिस्टल निकाली, तो बदमाश पिस्टल छीनकर भाग गए।
जानकारी के मुताबिक आगरा में दो ट्रकों के टकराने और सड़क पर ही पलटने से शुक्रवार दोपहर से ही जाम लगा था। यूपी के राज्यमंत्री मंत्री मनोहर लाल आगरा से ललितपुर जा रहे थे। उनका पायलट वाहन आगे निकल गया और ग्वालियर पुलिस का फॉलो वाहन पीछे रह गया। इसी बीच एक बाइक सवार मंत्री की कार के सामने आ गया।
मंत्री के पीएसओ सर्वेश सिंह ने कार से उतरकर उसे हटाने की कोशिश की तो वह उनसे उलझ गया। इस पर पीएसओ ने उसे चांटा जड़ दिया। चांटा मारने से बाइक सवार बंटी यादव बौखला गया और उसने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। पांच मिनट में उसके साथी वहां आ गए और उन्होंने मंत्री के पीएसओ पर हमला बोल दिया। उससे मारपीट करने लगे।जिसके बाद मंत्री के सहायक राकेश कुमार, पीएसओ को बचाने कार से बाहर आए। हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। पीएसओ ने हमलावरों को भगाने के लिए अपनी पिस्टल निकाली तो हमलावरों ने पिस्टल भी छीन ली।
मंत्री के पीएसओ से मारपीट के मामले में बिलौआ पुलिस ने पहले प्राथमिक सूचना पर 12 अज्ञात हमलावरों पर मारपीट, लूटपाट और शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज किया था। बाद में जांच में चार लोगों बंटी यादव, कप्तान यादव, भूला सिंह और भूपेन्द्र सिंह के नाम सामने आए। चारों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि हाईवे पर जाम लगा था। मंत्री की कार के सामने अचानक एक बाइक सवार के आने पर बहस हुई। जिस पर बाइक सवार और उसके साथियों ने मंत्री के स्टाफ से मारपीट कर पिस्टल छीन ली थी। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली गई है।

 

Next Post

बरातियों की वैन एवं एसडीएम की स्कार्पियो के भिड़ंत से दो लोगो की मौत, पांच घायल

खरगोन। शहर के डायवर्सन रोड क्रॉसिंग पर रविवार सुबह बारातियों से भरी कार से स्कॉर्पियो टकरा गई। हादसे में दूल्हे के भाई सहित दो लोगों की मौत हो गई, वहीं पांच घायल हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बारात डालकी गांव से बुरहानपुर […]