देवास। बागली-पुंजापुरा मार्ग स्थित बरझाई घाट पर लगातार दूसरे दिन गुरुवार को फिर हादसा हो गया।
बागली की ओर से पुंजापुरा की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर भेरू बाबा मंदिर के पहले करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक की मौत हो गई।
ट्रक खाई में गिरने का पता कई घंटे के बाद चल पाया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से मशक्कत करके शव को रस्सी व लकड़ी के सहारे बाहर निकलवाया और पीएम के लिए पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक ट्रक (आरजे09जेडी8128) मक्का भरने के लिए बरझाई घाट से होते हुए सतवास की ओर जा रहा था। सुबह करीब पांच बजे हादसा हुआ जिसका पता किसी को नहीं चल पाया। उधर, कई घंटे के बाद जब ट्रक सतवास मक्का भरने नहीं पहुंचा तो इंदौर निवासी ट्रक मालिक को चिंता हुई। उसके बाद ट्रक के बारे में पता लगाने कुछ लोग इंदौर से रवाना हुए।
चापड़ा पहुंचने पर पता चला कि रात में यह ट्रक यहां खड़ा था और सुबह रवाना हुआ था। उसके बाद सुबह करीब 10 बजे बरझाई घाट पर पहुंचकर खोजबीन की गई तब हादसे का पता चला। हादसे में ट्रक चालक 35 वर्षीय लखन पुत्र राधेश्याम मीणा निवासी ग्राम अकबरपुर जिला देवास की मौत हुई है।
गौरतलब है कि बुधवार को टाइल्स से भरा एक ट्रक बरझाई घाट की खाई में गिर गया था, जिसमें चालक स्टेयरिंग में फंस गया था। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका था।


