सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश के 33 रेलवे स्टेशन के कायाकल्प कार्य की वर्चुअली आधारशिला रखी।
इसको लेकर प्रदेश के सीहोर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव रोड शो के बाद कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
अपने तय समय पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर से अल्हादखेड़ी हेलीपैड पहुंचे। वहां से सैकड़ाखेड़ी, नया बस स्टैंड, आनंद डेयरी होते हुए कोतवाली चौराहा पहुंचे और कोतवाली चौराहा से लीसा टॉकीज होते हुए तहसील चौराहे तक रोड शो किया गया। इस दौरान जगह-जगह मंच से उनका स्वागत किया गया। वहीं, सीएम तहसील चौराहे से कार द्वारा शुगर फैक्ट्री लुनिया चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां वे कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय रेलवे की अनेक रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के अंतर्गत 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास एवं 1500 रोड़ ओवर ब्रिजों, अंडरपास का लोकार्पण एवं शिलान्यास है। इसमें सीहोर रेलवे स्टेशन का 22 करोड़ 60 लाख की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पुनर्विकास के अंतर्गत सरक्यूलेटिंग एरिया, पार्किंग, स्टेशन बिल्डिंग व साइनेज के कार्यों को अपग्रेडिंग किया जाएगा। प्लेटफार्म नंबर 1 व 2 कवरशेड बनेगी। क्राउड हैडलिंग एरिया का विकास कार्य किया जाएगा। प्लेटफार्म नंबर 1 को ऊंचा कर बढ़ाया जाएगा तथा प्लेटफार्म नंबर 2 को ऊंचा किया जाएगा। माड्यूलर टायलेट की व्यवस्था की जाएगी। यहां 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के साथ रूफ प्लाजा का कार्य किया जाएगा।


