जबलपुर। प्रशासन लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुट गया है।
सेक्टर अधिकारियों का पहला प्रशिक्षण वेटरनरी कॉलेज के सभाकक्ष में हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दीपक सक्सेना ने प्रशिक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वाह में सर्तकता बरतने की सलाह दी। सेक्टर अधिकारियों को निर्वाचन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुये उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी निर्वाचन के लिए यह जरूरी है कि लोकसभा चुनाव 2024 में सेक्टर अधिकारी अपने दायित्वों का कुशलता के साथ निर्वाह करें।
कलेक्टर ने प्रशिक्षण में सेक्टर अधिकारियों को अपने सेक्टर के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर सभी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेक्टर अधिकारियों को अपने सेक्टर में निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों से तथा क्षेत्र के मतदाताओं से भी निरंतर संपर्क में रहना होगा। उन्हें क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदान केन्द्रों की पहचान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उसने कहा कि वे उन क्षेत्रों में विशेष ध्यान देें जहां पिछले निर्वाचनों में औसत से कम मतदान हुआ है। उन्होंने इसकी वजह जानने पर जोर दिया।
इस दौरान विधानसभा चुनाव के अनुभव बांटते हुए कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों से भी फील्ड के बारे में जाना। साथ ही कार्य के दौरान आने वाली कठिनाई को दूर करने सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने सुझाव लिखित में भी निर्वाचन कार्यालय में दें, ताकि उन कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भी गहराई से अध्ययन करने तथा उनका पालन करने की हिदायत भी दी।


