भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों का शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से प्रारम्भ हो रहा है।
एक माह तक पहली से आठवीं कक्षा के बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। इसमें मिट्टी के खिलौने तैयार करना, खेल गीत और स्थानीय खेलों के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी।
इस संबंध में राज्य शिक्षा केंद्र ने सत्र 2024-25 के लिए अप्रैल माह का अकादमिक कैलेंडर जारी किया है। इसमें 15 अप्रैल तक दूसरी, तीसरी, चौथी व पांचवीं कक्षा के बच्चों को अभ्यास पुस्तिका का वितरण किया जाएगा, ताकि ग्रीष्मावकाश में इस पुस्तिका पर कार्य कर सकें। अप्रैल के पहले 20 दिन लर्न आफ फन के तहत विद्यार्थियों को बुनियादी शिक्षा दी जाएगी। इसके बाद 20 जून के बाद से नई कक्षा की पढ़ाई शुरू होगी।
इस दौरान पहली से आठवीं के बच्चों के बीच विभिन्न गतिविधियां कराई जाएंगी। इसमें मिट्टी का मूर्ति बनाना, पोशम पास,खेल गीत, मिट्टी के खिलौने बनाने सहित अन्य गतिविधियां कराई जाएंगी। शिक्षक स्थानीय खेल जो बच्चों द्वारा खेले जाते हों उनको संकलित करते हुए खेल खिलाएं। जैसे स्टेच्यू, टापू, घोड़ा बादाम शाही, चिड़िया फुर्र आदि। वहीं पशु-पक्षियों की आकृति बनाना, रसोई के बर्तनों एवं चूल्हा आदि की आकृति बनाना आदि, पतंग, फूल की आकृति, सजावटी आकृतियां आदि, नाव, हवाई जहाज, गेंद, चकरी आदि को कागज से बनाना सीखाया जाएगा।
चौथी से आठवीं में प्रोन्नत विद्यार्थियों की पूर्व कक्षा के प्रश्नपत्रों को हल कराते हुए आदर्श उत्तर लिखने का अभ्यास कराया जाएगा। विगत कक्षा की उपलब्ध स्थानीय वार्षिक परीक्षाओं की मूल्यांकित उत्तरपुस्तिकाओं का विश्लेषण कर विद्यार्थियों की छूटी हुई दक्षताओं के पुर्नभ्यास करवाया जाएगा।


