सीनियर सिटीजन वोटरो को साधने में जुटी बीजेपी, मुख्यमंत्री ने भरवाए 70 पार के लोगों के आयुष्मान फार्म

भोपाल। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में 70 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाभ देने की बात कही है।
यह गारंटी पूरी करने के लिए प्रदेश भाजपा ने चिह्नित बुजुर्गों के फार्म भरवाना शुरू किया है।
इसकी शुरुआत रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में एक बुजुर्ग दंपती के घर पहुंचकर की।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 70 वर्ष से ऊपर के लोगों को इसका लाभ देने के लिए आय की कोई सीमा नहीं रखी गई है। अभी से प्रदेश भर में अभियान चलाकर इसके फार्म भरवाए जाएंगे। प्रदेश में शेष 19 लोकसभा सीटों पर सात और 13 मई को मतदान होना है। यह अभियान बीजेपी का घर-घर पहुंचने का नया तरीका माना जा रहा है। पहले दो चरणों में कम मतदान के बाद सभी से बढ़-चढ़कर मतदान की अपील भी इस अभियान में मुख्यमंत्री सहित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही है।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 70 वर्ष से अधिक आयु के 35 से 40 लाख लोग हैं, जिन्हें इसका लाभ मिलेगा। योजना के अंतर्गत परिवार को वर्ष में पांच लाख रुपये तक निशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा के अस्पताल में भर्ती इन रोगियों को बड़े अस्पताल में ले जाने की आवश्यकता है तो एयर एंबुलेंस की सुविधा भी कलेक्टर से जानकारी लेने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार करोड़ लोगों को मकान दिया है। घरेलू गैस कनेक्शन दिया है। निशुल्क राशन देने का काम किया है। आयुष्मान योजना तो रामबाण है। चुनाव का मौका भले हो लेकिन भाजपा का दृष्टिकोण है समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना, उसमें आयुष्मान योजना बहुत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान लोकसभा चुनाव के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, अभियान की प्रदेश संयोजक सीमा सिंह जादौन, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल मौजूद रहे।

 

Next Post

पूर्व मुख्‍यमंत्री शिवराज बेरजा पहुंचकर किया चुनावी सभा को संबोधित

ग्वालियर। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह के समर्थन में रविवार को बेरजा गांव पहुंचकर चुनावी सभा को संबोधित किया। हालांकि अपने तय समय से पूर्व मुख्‍यमंत्री काफी देरी से पहुंचे। उन्‍होंने इस दौरान भाजपा सरकार कर उपलब्धियां व लोगों के लिए […]