सीधी। राजधानी दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सीधी लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मुलाकात की।
इस दौरान क्षेत्र के विकास की संभावनाओं के साथ-साथ सीधी से लगने वाली चारों दिशाओं में फोरलेन सडक़ों का विश्व स्तरीय जाल बिछाने की मांग की। जिस पर नितिन गडकरी ने गंभीरता से विचार करने की बात कही है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्रमणि दुबे ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि नवनिर्वाचित सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से रीवा से मोहनिया टनल तक, सोन से सीधी तक फोरलेन, एवं सीधी-सिंगरौली निर्माणाधीन सड़क के कार्य में शीघ्र गति से प्रारम्भ किए जाने, प्रयागराज से सीधी और सीधी से टिकरी फोरलेन, सीधी से ब्यौहारी होते हुए शहडोल फोरलेन की मांग की।
इस दौरान सीधी स्थित टोल प्लाजा को दूर स्थापित करने की भी मांग की है। जिससे सीधी क्षेत्रवासियों को सुविधा का लाभ मिल सके।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सौंपे पत्र में सड़कों के व्यापक विस्तार की बात कही गई है। जिस पर तत्परता दिखाते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने संपूर्ण विषयों और मांगों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए शीघ्र पूरी करने का आश्वासन दिया हैं।


