गूगल मैप पर अब मिलेगी शराब दुकान की लोकेशन, प्रदेश में सभी 3600 शराब दुकानों की होगी जियो टैगिंग

भोपाल। प्रदेश में संचालित हो रहीं 3600 शराब दुकानों की जियो टैगिंग आबकारी विभाग द्वारा कराई जाएगी। इससे इन सभी दुकानों की लोकेशन गूगल पर आसानी से मिल सकेगी।
इसके लिए संभागीय स्तर पर आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। अब ये अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में जाकर शराब दुकानों की जियो टैगिंग कर रहे हैं। इससे आबकारी विभाग और लाइसेंसी ठेकेदारों को भी फायदा होगा।
इस प्रक्रिया की शुरुआत आबकारी अमले ने भोपाल जिले की सभी 87 शराब दुकानों से कर दी है। इस कार्य के लिए जिला सहा. आबकारी अधिकारी और अन्य अमले को जियो टैगिंग का प्रशिक्षण तक दिया जा रहा है।
प्रदेश की सभी तीन हजार 600 दुकानों की जियो टैगिंग किए जाने से इनके आवंटन में किसी तरह का कोई फर्जीवाड़ा नहीं किया जा सकेगा।
बता दे कि अब तक शराब दुकान आवंटन के बाद लोकेशन को लेकर बड़ा खेल चलता आ रहा था। शराब दुकानदार, आबकारी अधिकारियों के साथ साठगांठ कर लोकेशन की रिपोर्ट गलत दे देते थे।
इससे मंदिरों और स्कूलों से शराब की दुकानों को दूर रखने के नियम और कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। इसका खामियाजा धार्मिक स्थलों पर आने वाले धर्मावलंबियों और स्कूली छात्रों को भुगतना पड़ता था।
आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जियो टैगिंग से दो दुकानों के बीच की दूरी सहजता से पता चल जाएगी। परमिट के दौरान शराब की आवाजाही भी विभागीय अधिकारी आसानी से देख सकेंगे। अभी इतनी सख्ती के बावजूद कई लाइसेंसी ठेकेदार इसमें गड़बड़ी करने का प्रयास करते हैं, इससे उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा।
इसके अलावा आबकारी अफसरों पर यह आरोप भी लगते रहे हैं कि शराब दुकानें धार्मिक स्थल और शैक्षणिक संस्थाओं के पास खोल दी गई है। उनका कहना है कि जियो टैगिंग के माध्यम से आसपास की लोकेशन को देखा जाएगा।

 

Next Post

मध्य प्रदेश में मसालों के लिए बनेगी अलग मंडी, प्रदेश के संतरे व केले को सरकार दिलाएगी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान

भोपाल। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों से किसान तथा उद्योगपति दोनों लाभान्वित होंगे। इनके माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में उद्यमिता और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा सकता है। अत: उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के परस्पर समन्वय से रोजगार के अवसरों […]