बालाघाट। जिले के वारासिवनी थानांतर्गत ग्राम गटापायली में शुक्रवार को सुबह दो मोटर साइकिलों में आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक जरहा मोहगांव में रहने वाले सुनील झाड़ेकर (40) की रिश्तेदारी में किसी का निधन हो गया था, उसकी अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए उसे ट्रेन से कहीं बाहर जाना था। सुनील को कोचेवाही रेलवे स्टेशन तक छोड़ने के लिए उसका दोस्त पवन उमरे जा रहा था। ये दोनों बाइक पर सवार थे। रास्ते में कोचेवाही की ओर से तेज गति से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी बाइक टकराई गई। दोनों बाइकों की रफ्तार अत्यधिक रही, जिसके चलते हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बोटेझरी-अमृतटोला के थानसिंह राणा, जरहा-मोहगांव के सुनील झाड़ेकर व पवन उमरे की मौत हो गई। वही, अमृतटोला बोटेझरी निवासी प्रदीप मर्सकोले व पेंडिटोला रमरमा निवासी गिरीश कुमरे घायल बताए गए।
गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को गहन उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारासिवनी थाना प्रभारी विभेन्दु व्यंकट ने बताया कि सड़क हादसे में तीन लोगो की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

