छतरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को खजुराहो में केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन भी किया।
इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेयी के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। साथ ही स्व. अटल बिहारी बाजपेयी पर डाक टिकट जारी किया गया।
प्रधानमंत्री ने यहां अपने भाषण की शुरुआत बुंदेलखंडी में की। उन्होंने कहा कि वीरों की धरती ई बुंदेलखंड पर रहवे वारे सभी जनन को हमाई तरफ से हाथ जोड़के राम-राम पहुंचे।
पीएम मोदी ने अपने उद्बोधन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. भीम राव अंबेडकर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में पानी से जुड़ी योजनाओं का क्रेडिट डॉ. भीम राव अंबेडकर को जाता है, लेकिन कांग्रेस ने कभी बाबा साहेब को इसका श्रेय नहीं दिया, लोगों को पता भी नहीं चलने दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एमपी में आज हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। आज बहुत प्रेरणादायी दिन है। आज अटलजी की जन्म जयंती है। आज उनके जन्म के 100 साल हो रहे हैं। उन्होंने मुझ जैसे कई कार्यकर्ताओं को सिखाया है। देश के विकास में अटलजी का योगदान हमारे स्मृति पटल पर अटल रहेगा।
पीएम ने आगे कहा कि भारत में जो बड़ी नदी परियोजनाएं बनीं, इनके पीछे डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर का ही विजन था। आज जो केंद्रीय जल आयोग है इसके पीछे भी डॉ. अंबेडकर के ही प्रयास थे, लेकिन कांग्रेस ने कभी जल संरक्षण के प्रयासों और बांधों के लिए बाबा साहेब को क्रेडिट नहीं दिया। किसी को पता भी नहीं चलने दिया।

