पांच हजार की रिश्वत लेते पुलिस सब-इंस्पेक्टर को लोकायुक्त ने पकड़ा, वर्दी हुई जब्त

जबलपुर। शहर के सिविल लाइन थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर विनोद दुबे को लोकायुक्त पुलिस की टीम ने 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने एक बाइक की खरीद-फरोख्त के मामले में नाम हटाने के लिए 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा 5 हजार रुपए में तय हुआ।
शिकायतकर्ता शुक्रवार दोपहर रिश्वत की राशि लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा, जहां लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सब-इंस्पेक्टर विनोद दुबे को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर निवासी जहांगीर खान, जो पुरानी बाइकों की खरीद-बिक्री का काम करता है। उसने शिकायत दर्ज कराई थी। करीब एक महीने पहले, सिविल लाइन थाने में जहांगीर के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया था कि उसने एक ग्राहक की बाइक, जो मरम्मत के लिए आई थी, उसे बनाने के बजाय बेच दिया। मामले की जांच एसआई विनोद दुबे को सौंपी गई थी।
इस दौरान एसआई ने कई बार जहांगीर को थाने बुलाया और कहा कि उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले से बचने के लिए 10 हजार रुपए देने होंगे। उन्होंने वादा किया कि इस राशि के बदले धाराएं कम कर दी जाएंगी और केस से उसका नाम हटा दिया जाएगा। लगभग एक सप्ताह तक सौदेबाजी चलने के बाद, 5 हजार रुपए में मामला तय हुआ।
शिकायतकर्ता जहांगीर ने रिश्वत की शिकायत पुलिस अधीक्षक (लोकायुक्त) संजय साहू से की। शिकायत की जांच के बाद, शुक्रवार को आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई गई। थाने में काम के दौरान, सब-इंस्पेक्टर विनोद दुबे ने जैसे ही 5 हजार रुपए लिए लोकायुक्त पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि लोकायुक्त पुलिस टीम की गिरफ्त में आए सब-इंस्पेक्टर विनोद दुबे की रिटायरमेंट में केवल डेढ़ वर्ष का ही समय बचा था। आरक्षक से उपनिरीक्षक तक पहुंचे विनोद दुबे कई बार विवादों में रहे हैं। जबलपुर में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले विनोद दुबे के खिलाफ अब विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद, लोकायुक्त पुलिस ने उन्हें सर्किट हाउस नंबर-2 ले जाकर उनकी वर्दी जब्त कर ली।

 

Next Post

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय मे एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा की नियुक्ति और लंबे समय से छात्रों के खराब परिणाम को लेकर एनएसयूआई ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े लेकर विश्वविद्यालय परिसर में घुस गए। इतना ही नहीं, जब उन्होंने कुलसचिव से […]