शहडोल। जिला चिकित्सालय में पदस्थ एक डॉक्टर को सोहागपुर थाने के पुलिसकर्मियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना शुक्रवार की आधी रात को 1.30 के बाद की बताई जा रही है।
डॉक्टर अपने घर के पास थे। इसी दौरान रात्रि गस्त करते हुए सोहागपुर थाने के सहा. उपनिरीक्षक सुभवंत चतुर्वेदी और प्रधान आरक्षक हरेंद्र सिंह वहां पहुंचे। डॉक्टर से पूछा कि इतनी रात को बाहर क्यों बैठे हो, इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बात इतनी बढ़ गई कि पुलिसकर्मियों ने जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशलेंद्र द्विवेदी को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।
घटना के दौरान डॉक्टर की पत्नी और पिता बचाव करने आ गए थे, लेकिन उनके सामने पुलिसकर्मी डॉक्टर की पिटाई करते रहे।
जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल मे शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशलेन्द्र द्विवेदी अपने निजी वाहन से घर जा रहे थे। घर के सामने ही सोहागपुर थाने के प्रधान आरक्षक हरेंद्र सिंह एवं सहा. उप निरीक्षक शुभवंत चतुर्वेदी ने डॉक्टर को रोककर पूछताछ करने लगे। इसी बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। आवाज सुनकर डॉ. कौशलेन्द्र द्विवेदी की पत्नी और पिता भी बाहर निकल आए।
डॉक्टर के परिजनों का कहना है कि पुलिसकर्मी उन्हें जानवरों की तरह पीटने लगे। इसी बीच मौके पर और भी पुलिसकर्मी वहां आ गए और सबने मिलकर डॉ. कौशलेन्द्र द्विवेदी की लात-घूंसों से पिटाई की और सोहागपुर थाने लेकर चले गए। थाने के अंदर भी जमकर पीटा।
पुलिसकर्मियों के पिटाई से डॉक्टर को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती डॉ. कौशलेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि उनके साथ पुलिसवालों ने जमकर मारपीट की है, जबकि उनकी कोई गलती नहीं थी।
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी शराब ने बताया की जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. कौशलेंद्र द्विवेदी के साथ मारपीट की जानकारी लगी है। यह घटना अस्पताल के बाहर हुई है, अभी कारण पता नहीं चला है।
पुलिस अधीक्षक राम जी श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिसकर्मी और डॉक्टर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई है। दोनों पक्षों को चोट लगी है, दोनों की एमएलसी कराई गई है। पुलिसकर्मियों ने डॉक्टर से पूछा कि आप बाहर क्यों बैठे हो, इसी बात को लेकर डॉक्टर बहस करने लगे और यह स्थिति बन गई।

