विदिशा। शहर के अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
नर्स हॉस्टल के वाशरूम में बेहोश मिली, अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जबलपुर की रहने वाली नर्स किरण रैकवार मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग में पदस्थ थी।
मेडिकल कॉलेज परिसर में बने हॉस्टल में ही वह रहती थी।
गुरुवार सुबह जब वह वाशरूम से काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो उसकी रूममेट नर्स दीक्षा ने अन्य नर्सों को बताया। जिसके बाद मेडिकल कॉलेज का स्टाफ वहां पहुंचा, लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और उसे अस्पताल लेकर गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मेडिकल कालेज के डीन डॉ. मनीष निगम का कहना है कि नर्स किरण रैकवार करीब 2 वर्षो से यहां पदस्थ थी। सुबह वाशरूम में वह अचेत अवस्था में पाई गई, अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा की नर्स की मौत किन कारणों से हुई।


