मऊगंज। जिले के कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने हनुमना जनपद के अंतर्गत आने वाले जडकुड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। यह दौरा उस समय किया गया जब प्रशासन को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि पिपराही से जडकुड मार्ग के माध्यम से अवैध रूप से गिट्टी और बालू का परिवहन किया जा रहा है।
जैसे ही यह जानकारी कलेक्टर को प्राप्त हुई, उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वहां अवैध खनन और परिवहन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली, जिससे इलाके में खलबली मच गई है।
अवैध रेत-गिट्टी कारोबार में लिप्त लोगों में प्रशासनिक कार्रवाई की आशंका से अफरा-तफरी मच गई है।
कलेक्टर और एसपी द्वारा किए गए इस कड़े कदम से यह स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि प्रशासन अब अवैध खनन के खिलाफ कठोर रुख अपनाने के मूड में है। क्षेत्रीय जनता ने प्रशासन के इस निरीक्षण की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि आगे इस तरह की गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाया जाएगा। अवैध गिट्टी का भंडारण करने वालों एवं बिना टीपी के खनन सामग्री बेचने वालो में भी खलबली मची हुई है।
फिलहाल कलेक्टर एवं एसपी द्वारा आगामी कार्रवाई को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस घटनाक्रम के बाद आने वाले दिनों में कुछ कड़े निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।


