राजधानी के पीएम श्री स्कूल में कक्षा संचालन के वक्त छात्रों के ऊपर गिरा छत का प्लास्टर, दो छात्राएं हुई घायल

DR. SUMIT SENDRAM

भोपाल। राजधानी भोपाल के एक स्कूल में चलती क्लास के दौरान छत का प्लास्टर उखड़कर छात्राओं पर आ गिरा। इस हादसे में दो छात्राएं घायल हो गई।
हादसा शुक्रवार को भोपाल के बरखेड़ा स्थित शासकीय पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्कूल में हुआ। जिसका वीडियो शनिवार को सामने आया है।
खास बात ये है कि इसी स्कूल में करीब एक हफ्ते पहले भी क्लास में छत का प्लास्टर गिरा था, हालांकि उस दौरान क्लास में कोई नहीं होने से हादसा टल गया था।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि क्लास चल रही है। टीचर खड़े होकर बच्चों को पढ़ा रही है। इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर उखड़कर नीचे आता है, जो सबसे आगे की रो में बैठी दो छात्रा के सिर पर गिरता है।
वीडियो में दिख रहा है कि प्लास्टर गिरते ही क्लास में हड़कंप का माहौल हो गया। सभी छात्राएं और टीचर बाहर की ओर भागते नजर आए। इस घटना में पहली सीट पर बैठी दो छात्राओं के साथ ही टीचर और अन्य छात्राएं मामूली रूप से घायल हुई है।
स्कूल प्रबंधन ने शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी को एक शिकायत पत्र दिया है। जिसमें एक बच्ची को गंभीर चोट आने की पुष्टि की गई है।
प्रबंधन ने बताया कि स्कूल की कक्षाओं में बारिश के बाद से ही सीलन की समस्या बनी हुई है, जिसकी सूचना पहले ही दी जा चुकी थी।
बता दे कि बारिश के साथ स्कूल के ज्यादातर हिस्सों में सीलन की समस्या लगातार बनी हुई है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन ने पहले भी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत की थी, जिसके बाद कुछ क्लासरूम में मरम्मत का काम शुरू किया गया है। हालांकि, छात्राओं की अधिक संख्या के कारण अभी भी सीलन वाले कमरों में क्लासें लग रही हैं, जिससे भविष्य में भी ऐसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
वही, स्कूल में छात्राओं के लिए बने शौचालयों की हालत भी बेहद खराब है। लोहे के दरवाजे नीचे से गल गए हैं, दीवारों पर सीलन है और शौचालय गंदे पड़े हैं।
स्कूल स्टाफ के मुताबिक हर साल बारिश में यही स्थिति होती है। कई बार शिकायत पत्र लिखे जाते हैं, जिसके बाद थोड़ा-बहुत काम होता है और बाकी चीजें टाल दी जाती हैं।
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने बताया कि जानकारी मिलने पर स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि ऐसे कमरो में क्लास ना लगाई जाए।

 

Next Post

नेमीशारण्य में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का भव्य आयोजन

लखनऊ (उप्र)। धर्मनगरी नेमीशारण्य तीर्थ क्षेत्र के पवित्र वेदव्यास धाम में 15 जुलाई से 22 जुलाई 2025 तक श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का भव्य आयोजन हो रहा है। यह कथा दोनों सत्रों में आयोजित की जा रही है, जिसमें व्यास पीठ पर विराजित पूज्य श्री वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी महाराज के […]