बालाघाट। सोमवार देर रात जिले के रूपझर थाना क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। कटेझिरिया के जंगल में हुई गोलीबारी के बाद नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। लगभग 800 पुलिसकर्मियों के द्वारा जंगल में सर्चिग अभियान तेज कर दिया गया है।
अति. पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच सर्चिग टीम को पांच नक्सली दिखे। नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी गोलीबारी की। इस मुठभेड़ में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
मुठभेड़ के बाद नक्सलियों की तलाश के लिए पुलिस ने जंगल में सुरक्षाबलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को उतारकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
गौरतलब है कि कटेझिरिया का यह वही जंगल है जहां बीते 14 जून को सुरक्षाबलों ने 14-14 लाख रुपए के चार इनामी नक्सलियों (रीता उर्फ तुब्बी श्रीरांगु हिडामी, रवि, तुलसी उर्फ विमला उर्फ ईमला और सुमन) को मार गिराया था।
वही, अभी बीते 01 नवंबर को तीन राज्यों (छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश) की मोस्ट वांटेड, 14 लाख रुपए की इनामी नक्सली सुनीता आयाम ने बालाघाट पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है।


