चावल लेकर जा रहा ट्रक नाले में गिरा, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

DR. SUMIT SENDRAM

मंडला। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर मंडला–जबलपुर के बीच नेशनल हाईवे 30 पर बबैहा नाला पुल के पास एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नाले में जा गिरा। बताया गया कि यह ट्रक जबलपुर से चावल लोड कर मंडला के तरफ आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुल से टकराने के बाद ट्रक करीब 15 से 20 फीट नीचे पानी में जा गिरा।
टक्कर के दौरान ट्रक से चावल की कट्टियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वाहन में भारी मात्रा में चावल लदा हुआ था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नाले में नर्मदा नदी का बैक वाटर भर जाने से पानी का स्तर अधिक रहता है। इसी वजह से ट्रक पूरी तरह पानी में समा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में चालक सहित दो लोग सवार थे।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रात में रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरे के कारण इसे रोकना पड़ा। सुबह फिर रेस्क्यू जारी रखा गया।
इसके बाद टीम ने ट्रक का स्थान पता लगा लिया है, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसे बाहर निकालने में दिक्कतें आई। सुबह तक ट्रक का ऊपरी हिस्सा नजर आ रहा था, किंतु चावल भीगने से वजन बढ़ जाने के कारण वाहन पूरी तरह डूब गया। टीम ने क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकाला।
पूरे ऑपरेशन में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियो ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए रखा।
जानकारी लगते ही पूर्व विधायक व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

 

Next Post

1.33 लाख किसानों के बैंक खाते में आए 233 करोड़ रुपये, सीएम डॉ. मोहन यादव ने डाली भावांतर योजना की राशि

देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भावांतर योजना के तहत मध्य प्रदेश के 1 लाख 33 हजार सोयाबीन किसानों के खाते में 233 करोड़ रुपये राशि भेजी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां भावांतर योजना लागू की गई। उन्होंने कहा कि किसान को फसलों […]