टीकमगढ़। जिले के कृषि उपज मंडी परिसर जतारा में गुरुवार को किसानों ने यूरिया खाद से भरे एक ट्रक से बोरियां लूट लीं। किसानों ने लगभग 40-50 बोरी यूरिया खाद लूटी। खाद की बोरियां लूटने का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक किसानों को बांटने के लिए यूरिया से भरे दो ट्रक मंडी परिसर में आए थे। किसान लंबे समय से यूरिया के लिए भटक रहे थे, जिसके कारण वहां भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में से कुछ लोगों ने जबरन ट्रक से यूरिया की बोरियां उठा लीं। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिसमें कुछ महिलाएं और लड़कियां भी दिखाई दे रही हैं।
बताया गया कि किसान एक पखवाड़े से यूरिया के लिए परेशान हैं। हर दिन सोसायटी और वितरण केंद्र पर सैकड़ों की संख्या में किसान खाद लेने पहुंच रहे हैं। ऐसे में जब यूरिया से भरे 2 ट्रक पहुंचे तो भीड़ में शामिल कुछ लोग खुद बोरियां उठाकर ले गए। जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, की बाद में स्थिति संभाल गई।
मामले की शिकायत कृषि उपज मंडी के प्रबंधक रामकुमार सोनी ने जतारा थाने में दर्ज कराई है।
जतारा पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


