इंदौर। वर्षभर इंतजार करने बाद मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) सहा. जिला लोक अभियोजन अधिकारी (एडीपीओ) परीक्षा के साक्षात्कार की प्रक्रिया सोमवार से शुरू करने जा रहा है।
साक्षात्कार की प्रक्रिया से पहले आयोग ने उम्मीदवारों के लिए गाइडलाइन जारी की है।
गाइडलाइन के तहत इन्हें साक्षात्कार के लिए आधा घंटे पहले यानी साढ़े नौ बजे आयोग कार्यालय पहुंचना होगा। यहां शैक्षणिक योग्यता सहित सारे प्रमाण पत्र व जरूरी दस्तावेज सत्यापित करवाकर देना होंगे। आयोग ने साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरे महीनेभर रखी है। रोजाना दस से पंद्रह उम्मीदवारों को इस प्रक्रिया से गुजरना होगा।
वर्ष 2021 में एडीपीओ की परीक्षा के लिए एमपी पीएससी ने विज्ञापन निकाला था। इसके बाद 22 दिसंबर 2022 परीक्षा करवाई गई। महज 13 दिन बाद यानी 4 जनवरी 2023 को परिणाम भी घोषित करते हुए 256 पदों के लिए 900 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। इसके बाद से ही उम्मीदवार साक्षात्कार कर इंतजार कर रहे थे।
एक वर्ष निकल जाने के बाद भी जब साक्षात्कार की तारीख घोषित नहीं हुई तो परीक्षार्थियों ने आयोग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। नाराज उम्मीदवारों ने भोपाल जाकर भी ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद 01 फरवरी 2024 को आयोग ने साक्षात्कार की तारीख तय की। जिसके अनुसार 4 मार्च से 4 अप्रैल के बीच साक्षात्कार होंगे।


