सागर। जिले के बीना नगर में पुलिस चौकी प्रभारी को 30 हजार की रिश्वत लेना भारी पड़ गया और वह लोकायुक्त के शिकंजे में फस गया।
जानकारी के मुताबिक कोर्ट के आदेश के बावजूद सड़क दुर्घटना में जब्त बस को छोड़ने के एवज में चौकी प्रभारी ने फरियादी से रिश्वत की मांग की थी।
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सागर जिले के बीना के राम वार्ड, बजरिया निवासी ईशान उर्फ गोलू साहू पिता अशोक साहू (38) ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमे आवेदक ने बताया कि सडक दुर्घटना के एक प्रकरण में उसकी बस जब्त हुई थी। अदालत से जब्त बस को छोड़ने के आदेश हुए है। बस छोड़ने के एवज में नई बस्ती चौकी प्रभारी (उनि) पियूष साहू द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आज मंगलवार को फूड पार्क, स्टेशन रोड स्थित नटराज होटल में ट्रैप की कार्यवाई को अंजाम दिया।
लोकायुक्त टीम ने निरीक्षक केपीएस बेन के नेतृत्व में नई बस्ती चौकी प्रभारी (उनि) पीयूष साहू को 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाई की गयी।


