सीधी। जिले के सिंहावल तहसील अन्तर्गत अमिलिया, सजवानी, हिनौती, सोनवर्षा, विठौली, चितवरिया में झोलाछाप डाक्टरों एवं अवैध मेडिकल स्टोर संचालन को लेकर कड़ी कार्यवाही न होने के कारण कोई खौफ नहीं दिख रहा है।
यहां बिना लाइसेंस रजिस्ट्रेशन डिग्री के क्लीनिक संचालन कर मेडिकल स्टोर संचालक की साट गांठ से नकली दवाएं धड़ल्ले से बिक रही हैं।
अमिलिया चौराहे में एक क्लीनिक है जहाँ उत्तरप्रदेश से आकर विगत 20 वर्ष से स्थापित किए है जिनकी प्रतिदिन की कमाई हजारो में है, ब्लैक की दवाइयों में शासन से जीएसटी इनकम टैक्स की चोरी भी कर रहे हैं।
इस मामले में स्वास्थ्य अधिकारियों की भी भूमिका नजर आ रही।
आलम यह है कि शहरी एवं कस्बाई क्षेत्रों में ऐसे लोग मरीजों के उपचार के लिए क्लीनिक का संचालन कर रहे हैं जिनके पास कोई भी वैध डिग्री नहीं है।
वहीं, मेडिकल स्टोर संचालन को लेकर भी यही स्थिति बनी हुई है। ऐसे लोग मेडिकल स्टोर का संचालन कर रहे हैं जिनको डॉक्टर की लिखी पर्ची की दवाएं भी समझ में नहीं आतीं। दवाई लेने गए व्यक्ति से मर्ज का व्यौरा पूछकर ऐसे लोग मनमानी दवाएं दे रहे हैं। ऐसे में मरीज की हालत सुधरने की बजाय कई बार और भी ज्यादा बिगड़ जाती है।
कुछ इसी तरह का मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमिलिया क्षेत्र का सामने आया है। जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के समीप ही अवैध क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोरों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही अमिलिया बाजार क्षेत्र को मिलाकर के आसपास अवैध क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोर संचालित हैं।
ऐसा ही हाल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिहावल, हिनौती क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम चमरौहा, चितवरिया, कोदौरा, सजवानी, बिठौली, सोनवर्षा सहित दो सैकड़ा से ऊपर अवैध क्लीनिक का संचालन हो रहा है।
विकासखंड स्तर पर बैठे बीएमओ एवं जिला से गठित कमेटी के सदस्य मूकबधिर बने हुए तमाशा देख रहे हैं।
कथित डॉक्टर अवैध क्लीनिक के साथ ही दवाओं का भारी स्टाक रखते हैं। उनके द्वारा मरीजों को अपनी क्लीनिक से ही दवाई की बिक्री भी मनमानी तौर पर की जा रही है।
इस संबंध में जानकारों का कहना है कि हिनौती अमिलिया अंचल में अवैध क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोर संचालन को लेकर कभी-कभार छापामार कार्यवाही होती है, लेकिन बाद में जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा संबंधितों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित कराने की बजाय लीपापोती कर दी जाती है। इसी वजह से छापामार कार्यवाही के दौरान जो अवैध क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोर पकड़े गए थे वह कुछ दिनों के अंदर ही फिर से संचालित होने लगे। कोरोना काल के बाद से अवैध क्लीनिको एवं मेडिकल स्टोर संचालकों को पूरी तरह से अभयदान दे दिया गया। जिस वजह से इनके विरूद्ध कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। जिसका पूरा-पूृरा लाभ झोलाछाप डॉक्टर एवं अवैध मेडिकल स्टोर संचालक उठा रहे हैं।
चर्चा के दौरान अवैध क्लीनिक का संचालन करने वाले कुछ कथित डॉक्टरों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में रीढ़ की हड्डी झोलाछाप डॉक्टर ही हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमिलिया के डॉ. स्वतंत्र पटेल सरकारी अस्पताल के मरीजों को प्राइवेट क्लीनिक में भेजते हैं और उनसे महीने में रकम कमीशन लेते हैं। इस बारे में संबंधित अधिकारियों को भी जानकारी है लेकिन कमीशन उनके पास भी पहुंच जाता है। जिसके चलते उनके द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।
उधर, जिला स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कुछ अधिकारियों का भी इसी तरह का जवाब अनौपचारिक रूप से रहा। उनका भी कहना है कि शासकीय डॉक्टरों की सीधी जिले में काफी कमी है। ग्रामीण क्षेत्रों में जो स्वास्थ्य केन्द्र संचालित हो रहे हैं उनमें भी आवश्यक डॉक्टर नहीं हैं जो है भी वो सिर्फ डिग्री धारी हैं उनको महीने में वेतन और कमीशन का इंतजार रहता है।
ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति ये है कि यदि उन्हे प्राथमिक बीमारी होती है तो नजदीकी झोलाछाप डॉक्टरों से उपचार कराकर राहत पा जाते हैं। ये अवश्य है कि अवैध क्लीनिक एवं अवैध मेडिकल स्टोर संचालन से लोगों को काफी नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। जिस पर यदि प्रशासनिक कार्यवाही सख्ती के साथ हो जाए तो स्थिति में कुछ सुधार आ सकता है।


