114 किमी लंबी रिंग रोड में वाहन चालकों को देना होगा टोल, सैटेलाइट के जरिए वाहन से कटेगा शुल्क

जबलपुर। मध्यप्रदेश की सबसे लंबी 114 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड में चलने के लिए शुल्क देना होगा।
यह कितना होगा वो अभी तय नहीं है, लेकिन ये साफ है कि रिंग रोड पर दौड़ने वाले वाहनों को टोल के रूप में जो शुल्क लगेगा वो सीधे वाहन में लगे फास्टैग से कटेगा। इतना ही नहीं जितने किलोमीटर की दूरी वाहन रिंग रोड में तय करेगा शुल्क भी उतना ही देना होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से यह प्रस्ताव है। इसे अत्याधुनिक बनाने के लिए सेटेलाइट के जरिए ही वाहनों की ट्रेकिंग होगी। ये सारा कार्य डिजिटल होगा।
3500 करोड़ रुपये की लागत से यह रिंग रोड तैयार हो रहा है। इसे पांच अलग-अलग हिस्सों में बनाया जाना है जिसके चार हिस्सों का काम शुरू हो गया है शेष एक हिस्से के लिए भी केंद्र से मंजूर मिल गई है।
बता दे कि पांचवां हिस्सा अमझर घाटी से बरेला के बीच बनना है। करीब 16 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का एलाइनमेंट लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के द्वारा बनाया जा रहा था। मार्ग में वन भूमि, सेना की भूमि अधिक थी जिसे बिना उपयोग में लिए यह एलाइनमेंट तय होना था। विभाग ने केंद्रीय मंत्रालय को यह प्रस्ताव भेजा था जिसे मंजूर कर लिया गया है। अब जुलाई में इस अंतिम चरण के प्रोजेक्ट के लिए निविदा निकाली जाएगी।
बता दे कि यह कार्य 480 करोड़ रुपये की लागत से होना है। इसमें वन भूमि और सेना की भूमि को छोड़कर मार्ग निकाला गया है।
टोल रोड पर दाखिल और निकासी के लिए करीब 15 पॉइंट बनाए जाएंगे। जिनके माध्यम से रोड में वाहन प्रवेश करेगा। हर पॉइंट पर उपकरण के माध्यम से वाहन में लगे फास्टैग की स्क्रीनिंग होगी। जिसके बाद जिस पाइंट से वाहन की निकासी होगी उसके किलोमीटर के हिसाब से राशि स्वतः ही कट जाएगी। अभी जिस तरह राष्ट्रीय राजमार्ग में चलने के लिए वाहनों काे फास्टैग अनिवार्य है उसी तरह की व्यवस्था यहां होगी।
प्राधिकरण ने बताया कि रिंग रोड से लगे ग्रामीणों को आवाजाही के लिए अलग से सर्विस रोड बनेगी ताकि उनके वाहन मुख्य मार्ग पर न आ सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृत लाल साहू ने कहा कि रिंग रोड की लागत और उसके अंदर बनने वाले ब्रिज या अन्य सुविधाओं का मूल्यांकन होगा। इसके पश्चात केंद्रीय स्तर पर प्रति किलोमीटर एक राशि तय होगी जो अलग-अलग श्रेणी के वाहनों से ली जाएगी।

 

Next Post

गंजीपुरा में कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरातफरी

जबलपुर। शहर के अति व्यस्ततम क्षेत्र गंजीपुरा मार्केट स्थित एक तीन मंजिला कपड़े की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ग्राउंड फ्लोर में लगी आग तेजी से ऊपर की ओर फैल गई और उसकी चपेट में ऊपरी मंजिल की होजरी दुकान भी चपेट में आ गई। जिस जगह […]