इंदौर। नगर निगम ने एक साथ शहर के सभी जोनों में बदलाव कर दिया है।
शनिवार को निगमायुक्त ने आदेश जारी कर सभी जोनल अधिकारियों के साथ साथ भवन अधिकारी, भवन निरीक्षकों को भी बदल दिया। साथ ही तीन नए जोन भी सूची में जोड़ गए हैं।
अब तक नगर सीमा को 19 जोनों में बांट रखा था।
ताजा सूची में 22 जोनल अधिकारियों के साथ भवन अधिकारी और भवन निरीक्षकों को पदस्थापना दी गई है। खास बात है कि ताजा सूची में जोनों की जिम्मेदारी नए लोगों को दी गई है। वही, कई पुराने और अनुभवी लोगों को हटाकर लूप लाइन में डाल दिया गया है।
अनुभवी और चर्चित जोनल अधिकारियों के पर भी कतर दिए गए हैं।
बीते दिनों सर्वानंद नगर में एक साथ कई होस्टलों को तोड़ने के कारण चर्चा में आए अधिकारी नागेंद्रसिंह भदौरिया से जिम्मेदारी छीन ली गई है। उन्हें न तो जोन की जिम्मेदारी दी गई है न भवन अधिकारी की।
इस तरह मनोज जैन, शांतिलाल यादव जैसे पुराने अधिकारियों से भी जोन ले लिया गया है। लगभग आधे जोनों पर नए और युवा चेहरों को बैठा दिया गया है। बीते समय से कार्रवाई से लेकर घोटालों तक के लिए ननि चर्चा में रहा है।


