डिंडोरी। जिले के बजाग विकासखंड के गाड़ासरई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पति की हत्या के बाद गर्भवती पत्नी से अस्पताल में खून साफ कराने का वीडियो सोशल में वायरल हो रहा है।
कलेक्टर हर्ष सिंह के सख्त निर्देश के बाद सीएमएचओ डॉ. रमेश मरावी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गाड़ासरई (बजाग) के समस्त स्टाफ को नोटिस जारी कर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
जानकारी के मुताबिक गाड़ासरई थाना अंतर्गत ग्राम लालपुर में बुजुर्ग सहित उसके दो बेटों को डंडे और कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया गया था। मृतकों के शव को गाड़ासरई अस्पताल ले जाया गया। यहां मृतक की गर्भवती पत्नी से अस्पताल के बेड में लगा खून साफ कराने का वीडियो सामने आया।
पति के मरने के बाद उसकी गर्भवती पत्नी से अस्पताल का पलंग साफ करने के मामले को लेकर लोगों में गुस्सा भी बढ़ रहा है।
सोशल मीडिया में वीडिओ तेजी से वायरल होने के बाद कलेक्टर हर्ष सिंह ने इस गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ासरई में दिवंगत की पत्नी से चिकित्सालय का बिस्तर साफ कराया जाना पाया गया। कलेक्टर ने निर्देश में सीएमएचओ डॉ. रमेश मरावी ने उक्त अमानवीय घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश जारी किया है।
आदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ासरई में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह को आगामी आदेश तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करंजिया में संलग्न किया गया है। इस दौरान वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया में मुख्यालय बनाकर निवास करते हुए पदीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
वही, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गाडासरई की नर्सिंग ऑफिसर राजकुमारी मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय, कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डिंडौरी निर्धारित किया गया है। आया छोटी बाई ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। इस दौरान इनका मुख्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डिंडौरी निर्धारित किया गया है।
बता दे कि विवादित जमीन पर धान की फसल काटने का विरोध करते हुए दबंगों का मोबाइल से वीडियो बना रहे बुजुर्ग और उनके दो बेटों की सात दबंगों ने घेरकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बुजुर्ग के तीसरे बेटे को भी पीटा, जो गंभीर है। गाड़ासरई पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस बल मौके पर तैनात है।

