भोपाल। शनिवार दोपहर करीब 45 मिनट तक हुई बारिश ने राजधानी को तरबतर कर दिया। मक्का के दाने के आकार के ओले गिरने के साथ तेज हवा चली। बारिश रुकने के बाद मौसम साफ हुआ और धूप खिल गई।
दोपहर 12:30 बजे बारिश शुरू हुई, जिससे एमपी नगर, अशोका गार्डन, नादरा, बैरसिया, कोलार, न्यू मार्केट, अवधपुरी, अयोध्या बाइपास एवं रायसेन रोड जैसे इलाके प्रभावित हुए। कुछ जगहों पर पानी भर गया और ओले भी गिरे, बारिश थमने के बाद धूप निकल आई।
बता दे कि शुक्रवार रात बारिश के बाद शनिवार सुबह भोपाल में घना कोहरा छाया रहा। सुबह 9 बजे तक कोहरा रहा, जो धूप निकलने के बाद छटा।
गौरतलब है कि भोपाल में दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड का ट्रेंड रहता है, लेकिन इस बार सर्दी पहले ही शुरू हो गई। पिछले 10 सालों में दिसंबर में रात का तापमान 9 डिग्री से नीचे रहा है। इस बार ठंड के साथ बारिश का सिलसिला भी जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और ठंड का यह ट्रेंड दिसंबर में बना रहेगा।

