खंडवा। हिंदी फिल्मो के महान गायक किशोर कुमार का 96वां जन्मदिन है। सोमवार को जन्मदिन पर किशोर दा को उनका हर प्रशंसक याद कर रहा है, बड़ी संख्या में किशोर प्रेमी उनकी समाधि पर दूध जलेबी का भोग लगाकर उनके गीत गाकर उन्हें याद कर रहे है।
वहीं, मध्य प्रदेश सरकार भी आज किशोर कुमार के जन्मदिवस को गौरव दिवस के रूप में मना रही है।
खंडवा में किशोर कुमार के जन्मदिन के मौके पर उनकी समाधि पर प्रशंसकों का मेला लग गया। सुबह से किशोर दा की समाधि को फूलों से सजाया गया।
बताया गया कि किशोर कुमार कहा करते थे दूध जलेबी खाएंगे और खंडवा में बस जाएंगे। उनके चाहने वालों ने समाधि पर दूध जलेबी का भोग लगाकर अपनी भावनाएं प्रकट की।
किशोर दा की समाधि पर स्वरांजली देने के लिए पार्श्व गायक जॉली मुखर्जी भी पहुंचे। समाधि पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्होंने गीत भी गुनगुनाया।
इस दौरान जॉली मुखर्जी ने कहा कि किशोर कुमार को भारत रत्न मिलना चाहिए। वही, गायक हिम्मत पंड्या, अमृता गोविलकर और उमेश कुमार गायकवाड़ ने भी समाधि पर पुष्प अर्पित किए।
किशोर कुमार की समाधी पर कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय एवं विधायक कंचन तनवे ने भी गीत गुनगुनाए।
बता दें कि किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त 1929 को मध्य प्रदेश के खंडवा में रहने वाले एक प्रतिष्ठित बंगाली परिवार में हुआ था। किशोर अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे थे, किशोर कुमार का असली नाम आभास कुमार गांगुली था। खंडवा में शुरूआती पढ़ाई करने के बाद किशोर कुमार ने अपने कॉलेज की पढ़ाई इंदौर के क्रिश्चियन कॉलेज में की थी।


