इंदौर। नववर्ष 2025 के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं। सुबह मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ भगवान गणेश का आशीर्वाद पाने पहुंचने लगी थी।
दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिहाज से तैयारी की है। गर्भगृह के सामने स्टेप वाइस चार पंक्तियां बनाई हैं, ताकि एक साथ कई लोगों को दर्शन हो जाएं।
बता दे कि वर्ष के अंतिम दिन 31 दिसंबर को मंदिर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे।
मंदिर में भक्तों के दर्शन के लिए महाकाल की तर्ज पर व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु सुविधानुसार चलित दर्शन देर रात तक कर सकेंगे।
इधर, यातायात विभाग ने खजराना गणेश के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रूट प्लान जारी किया है। इसमें प्रवेश और निकासी की अलग-अलग व्यवस्था की गई है।
नए वर्ष के पहले दिन यानी खजराना गणेश मंदिर हजारों श्रद्धालु अलसुबह से दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। एक साथ इतने श्रद्धालु पहुंचने पर यातायात व्यवस्था न बिगड़े, इसलिए यातायात प्रबंधन ने रूट प्लान जारी किया।

