मध्य प्रदेश में फिर पुलिस पर हुआ हमला, सीहोर के इछावर में पुलिस टीम पर हमला, एसआई गंभीर घायल

सीहोर। जिले की इछावर थाने के एक गांव में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला हुआ है। इसमें एक उप निरीक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं उनके साथ गए आरक्षकों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। वही, आरोपियो ने एक घर में भी जमकर तोड़फोड़ की है।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक इछावर थाने के खेरी गांव निवासी कमलेश ने पिछले दिनों थाना बिलकिसगंज के गेरूखान गांव की एक युवती से कोर्ट मैरिज कर लिया। वह उसे अपने गांव खेरी ले आया था। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के परिजन शनिवार की रात 11 बजे के आसपास खेरी पहुंच गए। उनके आने की भनक लगते ही युवक और उसका परिवार घर छोड़कर भाग गया। युवती के परिजनों ने घर को सूना देखकर उसमें तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने इस हंगामे की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर इछावर थाने के उप निरीक्षक रामनारायण धुर्वे दो आरक्षकों के साथ वहां पर पहुंचे। वे मामला शांत कराते इससे पहले वहां हंगामा कर रहे हेमराज, विशाल, गजराज, राहुल और भूरा ने पुलिस टीम पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
अचानक हमले की चपेट में उप निरीक्षक रामनारायण धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उप निरीक्षक पर हमला होते देख उनके साथ गए दोनों आरक्षक वहां से भाग कर इसकी सूचना थाने में दी। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। घायल उप निरीक्षक रामनारायण धुर्वे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इछावर थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि युवती के कोर्ट मैरिज से आक्रोशित उसके परिजन युवक के घर आकर घर में तोड़फोड़ कर रहे थे। इसकी सूचना प्राप्त होने पर उप निरीक्षक और जवान मौके पर पहुंचे थे। हमला करने पर पुलिस ने पांच व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

 

Next Post

जंगल में बाघों के पास चले जाते हैं सीधी कलेक्टर, टाइगर रिजर्व में प्राइवेट गाड़ी से घूमने का आरोप, जांच शुरू

सीधी। मध्य प्रदेश सरकार ने सीधी जिले के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी पर लगे गंभीर आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। उन पर आरोप है कि वे बार-बार अपने निजी वाहन से संजय टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में प्रवेश कर रहे थे, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और नेशनल टाइगर […]