दिनदहाड़े कट्टे की नोंक पर शराब कारोबारी के मुनीम से 32.63 लाख लूटकर बाइक में सवार होकर भागे बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुए तीनो बदमाश

DR. SUMIT SENDRAM

ग्वालियर। बुधवार सुबह शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के कोटेश्वर मंदिर के पास शराब कारोबारी के मुनीम से 32.63 लाख रुपए की लूट को बदमाशों ने अंजाम दिया।
बताया गया कि जब कारोबारी का मुनीम आशाराम कुशवाह ऑफिस से स्कूटी पर सवार होकर बैंक में पैसा जमा कराने जा रहा था। तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे घेरकर कट्टे की नोंक पर नगदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आ रही है कि लुटेरों ने पहले से रेकी कर रखी थी और पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। जिस तरीके से मुनीम को ऑफिस से निकलते ही कुछ दूरी पर ही निशाना बनाया गया, उससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को पूरी जानकारी किसी अंदरूनी सूत्र से मिली हो सकती है। पुलिस अब शराब कारोबारी के कर्मचारियों के साथ-साथ पूर्व कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।
लूट के वारदात के वक्त मुनीम आशाराम कुशवाह ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से बचने की कोशिश की और उनसे झूमा-झटकी भी की। लेकिन बदमाशों की संख्या अधिक होने और उनके पास हथियार होने की वजह से वह लुटेरों को रोक नहीं सका। बदमाश स्कूटी पर रखा नगदी का बंडल छीनकर तेजी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा शहरभर में नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी गई, लेकिन बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर निकल गए।
हालांकि पुलिस को बदमाशों की बाइक ग्वालियर-मुरैना रोड पर जलालपुर के पास एक पेट्रोल पंप के पास खड़ी मिली है जोकि मुरैना के रजिस्ट्रेशन नंबर की है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे और वे अलग-अलग दिशाओं से आए थे। जब मुनीम ने भागने की कोशिश की, तो एक और बदमाश तुरंत पास आ गया और तीनों ने मिलकर नगदी लूट लिया। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी मदद से पुलिस अब उनकी पहचान में जुटी गई है।
32 लाख की इतनी बड़ी लूट ने न सिर्फ व्यापारिक जगत को हिला दिया है, बल्कि पुलिस प्रशासन के लिए भी यह गंभीर चुनौती बन गई है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए गए हैं और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जा सके।

 

Next Post

"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण एवं गाजर घास उन्मूलन कार्यक्रम आयोजित

शहपुरा (डिण्डौरी)। मप्र शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय आदर्श महाविद्यालय शहपुरा में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्वीटी यादव […]