नशा मुक्त डिण्डौरी की ओर सशक्त कदम, स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में मानव श्रृंखला व जागरूकता अभियान किये गए आयोजित

DR. SUMIT SENDRAM

डिण्डौरी। जिले में “नशा से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा नशा मुक्त समाज की दिशा में प्रेरित करना रहा।
सोमवार को जिला मुख्यालय डिंडोरी के रानी अवंती बाई चौक में कन्या कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
इस दौरान दिव्य ज्योति सोशल डेवलपमेंट सेंटर के काउंसलर बच्चुनाथ चौहान, रितु सेन, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गाप्रसाद नगपुरे, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उईके, रक्षित निरीक्षक कुंवर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं मौजूद रहे।
जिले के समनापुर थाना के तत्वावधान में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समनापुर में छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें अपने परिवार, रिश्तेदार और समाज में भी इस विषय पर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 160 छात्राएं एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मिलित हुए।
थाना शहपुरा द्वारा मॉडल स्कूल शहपुरा में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और आर्थिक प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने नशा मुक्त प्रदेश की शपथ ली और मानव श्रृंखला के माध्यम से संदेश दिया।
इस अवसर पर शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार सहित पुलिस टीम, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पुलिस चौकी अमरपुर अंतर्गत प्राथमिक शाला अलोनी में पुलिस टीम के द्वारा बच्चों को नशे के दुष्परिणाम समझाए गए और नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, शहपुरा थाना अंतर्गत पुलिस चौकी बिछिया द्वारा ग्राम देवरी कला में ग्रामीणों को एकत्र कर नशे के सामाजिक व स्वास्थ्यगत नुकसान की जानकारी दी गई तथा इससे दूर रहने की समझाइश दी गई।
बता दे कि इस अभियान के माध्यम से डिण्डौरी जिले में समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए एक नशा मुक्त वातावरण निर्माण की दिशा में मजबूत पहल की जा रही है। प्रशासन, पुलिस विभाग, सामाजिक संगठन व शैक्षणिक संस्थानों की यह सामूहिक सहभागिता सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।

 

Next Post

यू ट्यूब से सीखकर बुजुर्ग महिला के खाते से उड़ाए 7.5 लाख रुपये, दो आरोपी गिरफ्तार

शहडोल। रिटायर्ड महिला के खाते से सात लाख रुपये निकालने वाले दो आरोपियों को जैतपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेन्द्र उर्फ मोहित सिंह गोंड और पुष्पराज सिंह गोंड के रूप में हुई है। जैतपुर पुलिस के मुताबिक 4 जुलाई को मनेन्द्रगढ़ (छत्तीसगढ़) निवासी […]