सागर। जिले के देवरी तहसील के कृषि उपज मंडी में खाद वितरण के दौरान महिला तहसीलदार ने एक किसान को थप्पड़ जड़ दिया।
बताया गया कि टोकन वितरण के समय एक किसान का हाथ लगने से तहसीलदार प्रीतिरानी चौरसिया भड़क गई और उन्होंने किसान को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंच कर एसडीएम ने किसी तरह से मामला शांत करवाया। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया।
जानकारी के मुताबिक देवरी कृषि उपज मंडी में तहसीलदार प्रीतिरानी चौरसिया खुद किसानों को टोकन दे रही थीं। धक्का-मुक्की के दौरान एक किसान का हाथ तहसीलदार को लग गया, जिससे वे नाराज हो गई और उन्होंने किसान को थप्पड़ जड़ दिया।
तहसीलदार की इस हरकत पर अन्य किसान भड़क गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
विरोध बढ़ता देख एसडीएम मुन्नवर खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज किसानों से बातचीत की और उन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
एसडीएम मुन्नवर खान ने कहा कि मंडी में यूरिया और डीएपी बांटा जा रहा है। कुछ लोग लाइन में लगने के लिए जोर जबरदस्ती कर रहे थे। राजस्व और पुलिस कर्मचारियों ने किसानों को समझा-बुझाकर लाइन में लगने को कहा। इसके बाद टोकन बांटे गए। थप्पड़ मारने वाली बात गलत है।
वही, पनारी से खाद लेने आई बुजुर्ग सदारानी ने कहा कि हम दिन निकलने से पहले ही खाद लेने मंडी आ गए थे। लाइन में लगे रहने के बाद भी खाद नहीं मिली।
जबकि, सपना सेन ने कहा कि सुबह 4 बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन टोकन नहीं मिला। तहसीलदार टोकन दिए बिना ही मंडी से चली गई।


