सिंगरौली। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। इसकी ताजा बानगी सामने आई बरगवां थाना क्षेत्र में, जहां आधी रात को करीब आधा दर्जन बदमाशों ने एक सुनार की दुकान पर धावा बोल दिया और लाखों का माल चुराकर फरार हो गए।
बदमाश शटर तोड़कर ज्वेलरी शॉप में घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर रफूचक्कर हो गए।
ये पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
बताया गया कि बरगवां बाजार स्थित सेठ विनोद कुमार सराफ की ज्वेलरी शॉप है।
बदमाश सुनसान समय का फायदा उठाकर दुकान के सामने पहुंचे। पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी, फिर औजारों की मदद से शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
सीसीटीवी फुटेज में करीब 5 से 6 बदमाश चेहरे ढंके हुए नजर आ रहे हैं। दुकान में घुसते ही वे सीधे काउंटर और तिजोरी की ओर बढ़े। कुछ ही मिनटों में शोकेस में रखी सोने की चेन, अंगूठियां, कंगन और चांदी के आभूषण बैग में भर लिए। गल्ले में रखी नगदी भी समेट ली गई।
बताया जा रहा है कि, पूरी वारदात महज 5 से 10 मिनट में अंजाम देने के बाद भाग निकले।
बदमाशों की तेजी और आत्मविश्वास से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने पहले से दुकान की रेकी की थी। घटना के बाद सभी आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
बरगवां पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है।


