दिनदहाड़े युवती की गला रेतकर हत्या, मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया वीडिओ, मदद के लिए कोई नहीं आया सामने

DR. SUMIT SENDRAM

बालाघाट। जिले के बैहर थाना अंतर्गत आमगांव में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवती के गले पर चाकू से वार करते नजर आ रहा है। ये वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने ही बनाया है, लेकिन किसी ने युवती को बचाने की कोशिश नहीं की।
दिनदहाड़े युवती की हत्या से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस हालात काबू करने में लगी है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया गया कि प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या की गई है।
युवती की पहचान आमगांव निवासी ऋतु भंडारकर के रूप में हुई है।
अति. पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने बताया शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अति. पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने आगे बताया कि आमगांव निवासी 23 वर्षीय ऋतु भंडारकर बैहर में एक फर्नीचर की दुकान पर काम करती थी। वह रोजाना गांव से बस से आना-जाना करती थी। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आमगांव फाटा पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक आया। आरोपी युवक बाइक से लिफ्ट लेकर आया था। कुछ देर उसने ऋतु से बात की, लेकिन फिर दोनों में बहस शुरू हो गई। तभी युवक ने चाकू निकाल लिया और युवती पर दनादन वार करना शुरू कर दिया। युवती लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गई। इसके बाद भी आरोपी गले पर वार करता रहा। आरोपी के हाथ में चाकू देखकर किसी की उसके पास जाने की हिम्मत नहीं हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची तो आरोपी बेहोशी की हालत में मिला। साथ ही खून से सना चाकू और दोनों के मोबाइल भी पड़े मिले। पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर लिए हैं।
बताया गया कि आरोपी गढ़ी के मोतीनाला का रहने वाला है। फिलहाल उसका नाम सामने नहीं आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि दोनों एक-दूसरे को पांच साल से जानते थे। कुछ दिन से युवती ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। यह बात आरोपी को नागवार गुजरी। गांव में युवती के माता-पिता और छोटा भाई है। छोटा भाई बालाघाट में पढ़ाई करता है।

 

Next Post

जौरा थाने की 160 केस डायरियां हुई गायब, थाने से लेकर जिला पुलिस मुख्यालय तक खलबली

मुरैना। जिले के जौरा थाने से लगभग 160 केस डायरियां गुम हो गई हैं। इसको लेकर थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक इसको लेकर खलबली मची हुई है। वही, पुलिस अधीक्षक ने अति. पुलिस अधीक्षक को मामले की जांचकर रिपोर्ट मांगी है। बता दे कि हर वर्ष नवंबर-दिवंबर माह […]