अपने ही विभाग के रिटायर चौकीदार से 20 हजार रिश्वत लेते पकड़ाया अधिकारी, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

DR. SUMIT SENDRAM

कटनी। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी जिले के जल संसाधन विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री विकार अहमद सिद्दीकी को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है।
ये कार्रवाई उस वक्त अंजाम दी गई, जब विभाग के पूर्व कर्मचारी अपने बकाया एरियस भुगतान के लिए उनके निवास पर पहुंचे थे।
बताया गया कि कुंवरलाल रजक जल संसाधन विभाग में चौकीदार के पद पर पदस्थ थे और 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। विभाग के कुल 9 कर्मचारियों को साल 2011-12 से एरियस की राशि का भुगतान नहीं हुआ था। मजबूरन कर्मचारियों ने हाईकोर्ट का रुख किया, जहां 30 अप्रैल 2025 को फैसला कर्मचारियों के पक्ष में आया और एरियस भुगतान के निर्देश दिए गए।
कुंवरलाल रजक को लगभग 8 लाख एरियस राशि मिलनी थी।
भुगतान के लिए जब उन्होंने कार्यपालन यंत्री से संपर्क किया तो उन्हें कई दिनों तक टालमटोल किया गया।
इसी दौरान कार्यपालन यंत्री ने एरियस भुगतान के बदले 50 हजार रिश्वत की मांग कर दी।
इतनी मेहनत और कोर्ट से मिले आदेश के बावजूद रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर फरियादी कुंवरलाल रजक ने 25 फरवरी को इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी अंजूलता पटले से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
मंगलवार सुबह लोकायुक्त की टीम कटनी पहुंची।
जैसे ही कुंवरलाल रजक कार्यपालन यंत्री वीए सिद्दीकी के निवास पर पहुंचे और 20 हजार रिश्वत की रकम उन्हें सौंपी, तभी पीछे से लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के होश उड़ गए और वह बार-बार ये कहता रहा कि, वो कुंवरलाल को नहीं जानता और उसने कोई पैसे नहीं लिए।
लोकायुक्त की टीम ने आरोपी कार्यपालन यंत्री को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। लोकायुक्त डीएसपी नीतू त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में निरीक्षक रेखा प्रजापति, बृजनंदन नरवरिया, प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, जुबैद खान, सोनू चौकसे, अमित दाहिया, राकेश विश्वकर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

 

Next Post

पूर्व कर्मचारी ने पहले डिप्टी रेंजर और महिला को मारी गोली, फिर फंदा लगाकर दे दी जान

रायसेन। जिले में मंगलवार को एक सनसनीखेज गोलीकांड ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। अमरावत नर्सरी परिसर में पूर्व कर्मचारी ने दिनदहाड़े डिप्टी रेंजर सहित तीन लोगों पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। जानकारी […]