जबलपुर। जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर बड़ा हादसा हो गया। ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर चल रही कार पर हाईवा गिर गया। हादसे में कार सवार 5 लोग घायल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि भोपाल का शुक्ला परिवार शादी समारोह में शामिल होने रीवा जा रहा था। कार में एक महिला सहित कुल पांच लोग सवार थे। हादसे से करीब एक घंटे पहले परिवार ने हाईवे किनारे स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया था। हादसे के बाद पांचो घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।


